ibn24x7news
इलाहाबाद : विद्युत मीटर घरों से बाहर लगाए जाने को लेकर शुक्रवार को मालवीय नगर व सत्तीचौरा में जमकर हंगामा हुआ। इसके चलते बिजली अधिकारियों को अभियान रोकना पड़ा। मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई है।
शुक्रवार को गऊघाट उपकेंद्र के एसडीओ नीरज पांडेय के नेतृत्व में टीम करीब एक बजे मालवीय नगर पहुंची। यहा एक दो मीटर घर के बाहर किए ही गए थे कि लोग विरोध में उतर आए। वहां हंगामा शुरू हो गया। लोगों का कहना था कि घर के बाहर मीटर लगा होने पर जिसका मन चाहेगा, इससे छेड़छाड़ करेगा। जबकि अधिकारी अपनी कार्रवाई को लेकर अड़े रहे। लोगों को पीछे हटते न देख अधिकारियों को वहां से हटना पड़ा। इसके बाद सत्तीचौरा इलाके में अभियान शुरू हुआ। यहां तीन चार मीटर बदलने के बाद ही हंगामा शुरू हो गया। इससे अभियान रूक गया। इसके बाद दूसरे इलाकों में बकाएदारों से वसूली अभियान छेड़ा गया। एसडीओ ने बताया कि अभियान के दौरान सात लोगों के मीटर घर के बाहर किए गए। 13 लोगों के कनेक्शन काटने के साथ ही 17 लाख वसूले गए। बताया कि हंगामा करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने को थाने में तहरीर दी गई है। सिविल लाइंस उपकेंद्र द्वारा अशोक नगर, पानी की टंकी आदि इलाकों में अभियान चलाया गया। इस दौरान जीएचएस के समीप कालका रेस्टोरेंट की बिजली दो लाख के बकाए पर काट दी गई। एसडीओ संदीप मौर्या ने बताया कि कई जगह लोगों ने अभियान का विरोध किया, पर पुलिस रहने के कारण उन्हें सफलता नहीं मिल सकी। टैगोर टाउन उपकेंद्र के एसडीओ विजय तिवारी ने बताया कि अभियान चलाकर 22 लाइन काटी गई। दस मीटर बाहर किए गए। तीन लोगों पर एफआइआर दर्ज कराई गई है।
No comments:
Post a Comment